अठुरवाला में ओवरलोड डंपरों से खतरा, पुलिस चॉकी के सामने नियमों की अनदेखी, (जॉली ग्रांट पुलिस चौकी के सामने से जंगल वाली सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ रहे भारी वाहन, ग्रामीणों ने जताई नाराजगी)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
अठुरवाला क्षेत्र की जंगल वाली सड़क पर ओवरलोड डंपरों की आवाजाही से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है। खनन से जुड़े भारी वाहन पुलिस चॉकी के सामने से तेज गति में गुजर रहे हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई डंपरों के डाले बिना लॉक किए ही चल रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग से रोज बड़ी संख्या में ग्रामीणों का आना-जाना रहता है। बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर लोग चिंतित हैं। हाल ही में एक डंपर के टकराने की घटना के बाद डर और बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोडिंग और ओवरस्पीड पर तुरंत रोक लगाई जाए।
लोगों का कहना है कि यदि भविष्य में इस सड़क पर ओवरलोड भारी वाहन के कारण कोई दुर्घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी सीधे तौर पर पुलिस और प्रशासन की होगी। उन्होंने साफ किया है कि यह उनके गांव की सुरक्षा का मामला है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए
कांग्रेस पार्टी के नगर अध्यक्ष करतार सिंह नेगी ने कहा कि पुलिस चॉकी के सामने से ओवरलोड डंपरों का गुजरना गंभीर विषय है। बिना लॉक डाले और तेज रफ्तार से चल रहे वाहन लोगों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं। यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई और कोई हादसा हुआ, तो इसकी जिम्मेदारी जॉली ग्रांट पुलिस चॉकी और डोईवाला प्रशासन की होगी।



