अठूरवाला नवंबर माह की कड़ाके की सर्दी में संघर्ष समिति का धरना 16 वें दिन भी जारी।
तीसरी बार विस्थापन की आशंका से पीड़ित परिवारों में बढ़ी बेचैनी, प्रशासन से संवेदनशील समाधान की मांग
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
अठूरवाला संघर्ष समिति का धरना मंगलवार को 16वें दिन भी जारी रहा। वर्षों से बसे प्रभावित परिवार प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए धरना स्थल पर डटे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बार–बार विस्थापन की चेतावनी से परिवार मानसिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से परेशान हो चुके हैं।
धरना स्थल पर पहुंचे सभासद प्रदीप नेगी जेटली ने कहा कि अठूरवाला के कई परिवार तीसरी बार विस्थापन के संकट का सामना कर रहे हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बिना ठोस एवं सम्मानजनक पुनर्वास व्यवस्था के लोगों को लगातार हटाने का प्रयास अन्यायपूर्ण है। जेटली ने प्रशासन से अपील की कि प्रभावित परिवारों की दशा को समझते हुए मानवीय दृष्टिकोण से निर्णय लिया जाए।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष मनजीत सजवान ने बताया कि समिति शांतिपूर्ण आंदोलन कर रही है, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई संतोषजनक आश्वासन नहीं मिला है। लगातार असुरक्षा और अनिश्चितता के माहौल ने ग्रामीणों में आक्रोश पैदा कर दिया है।
धरना स्थल पर महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भागीदारी लगातार बनी हुई है। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक उन्हें सम्मानजनक पुनर्वास और स्थायी समाधान नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरने में आकाश, अवतार सिंह, नरेंद्र सिंह, राकेश, लक्ष्मी, ममता, हुकम सिंह, सुधा, धर्मेंद्र सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
–



