छोटी दिवाली पर बाजारों में रौनक, पटाखों से लेकर पूजन सामग्री तक जोरदार खरीदारी।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
छोटी दिवाली पर्व को देखते हुए नगर के प्रमुख बाज़ारों रेलवे रोड, मिल रोड, देहरादून रोड और ऋषिकेश रोड पर रविवार को जमकर भीड़ उमड़ी। सुबह से ही बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई, जिससे सड़कों पर पैदल चलना तक मुश्किल हो गया।
दुकानों पर पटाखों,फूलमालाओं, खिलौनों, खेल पतासे, दीये, फैंसी लाइट्स और धार्मिक पूजन सामग्री की खरीदारी जोरशोर से होती रही। मिठाई की दुकानों पर भी लोगों की लंबी कतारें देखी गईं। महिलाएं विशेष रूप से घर सजावट और लक्ष्मी-गणेश पूजन के लिए सामग्री चुनने में व्यस्त रहीं। बच्चों में पटाखे और रंग-बिरंगे खिलौनों को लेकर उत्साह देखने लायक था।
रेलवे रोड पर आभूषण, मिठाई और सजावट के स्टॉलों की भरमार रही। मिल रोड पर दीये, मोमबत्तियां, डेकोरेटिव लाइट्स और सूखे मेवों की जमकर बिक्री हुई। देहरादून रोड पर पटाखों की अस्थायी दुकानें आकर्षण का केंद्र बनीं, जहां सुरक्षा मानकों का भी ध्यान रखा गया। ऋषिकेश रोड पर फूलमाला और पूजन सामग्री बेचने वाले कारोबारियों को अच्छी आमदनी हुई।
व्यापारियों ने बताया कि इस बार छोटी दिवाली का बाजार पिछले सालों की तुलना में बेहतर रहा। लोगों में खुशी और खरीदारी का उत्साह दोनों देखने को मिला। शाम होते-होते बाजार जगमग रोशनी में नहा उठा और दीपावली से पहले छोटी दिवाली ने ही त्योहारी उल्लास को चरम पर पहुंचा दिया।



