Blog

आपदा से निपटने को एसडीआरएफ–एनडीआरएफ तैयार, जॉलीग्रांट में संयुक्त अभ्यास।

सीएसएसआर प्रतियोगिता से पहले फेमेक्स कार्यक्रम में परखी गई रेस्क्यू तकनीक और आपसी समन्वय क्षमता।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
जॉलीग्रांट स्थित एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के बीच संयुक्त अभ्यास आयोजित किया गया। यह अभ्यास फेमेक्स कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया, जिसका उद्देश्य आपदा से निपटने की तैयारियों को मजबूत करना और राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तावित ढही हुई संरचनाओं में खोज एवं बचाव (सीएसएसआर) प्रतियोगिता से पहले बलों की कार्यक्षमता को परखना है।

अभ्यास के दौरान भूकंप, भवन ध्वस्तीकरण और संरचनात्मक ढहाव जैसी आपदाओं के अनुरूप मॉक ड्रिल आयोजित की गई। मलबे में फंसे लोगों की खोज, सुरक्षित रेस्क्यू, आधुनिक उपकरणों के प्रयोग, सर्च पैटर्न, प्राथमिक चिकित्सा और मेडिकल रिस्पॉन्स का व्यावहारिक अभ्यास किया गया। साथ ही दोनों बलों के बीच आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता पर विशेष जोर दिया गया।

संयुक्त अभ्यास का निरीक्षण एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने किया। उन्होंने अभ्यास के विभिन्न चरणों का जायजा लेते हुए टीमों की तत्परता, अनुशासन और समन्वय की सराहना की। इस अवसर पर सहायक सेनानायक आर. एस. धपोला और प्रशिक्षण निरीक्षक प्रमोद कुमार भी उपस्थित रहे।

अधिकारियों के अनुसार इस तरह के संयुक्त अभ्यास भविष्य में आने वाली आपदाओं के दौरान त्वरित, सुरक्षित और प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button