न्यूज चली तो जागा सिस्टम, 12 घंटे में साफ हुआ शौचालय।
पूर्व सभासद विजय बक्सी के ज्ञापन और मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आया नगर पालिका।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
सार्वजनिक शौचालय की बदहाल स्थिति को लेकर प्रकाशित खबर का असर आखिरकार देखने को मिला। पूर्व सभासद विजय बक्सी द्वारा नगर पालिका को दिए गए ज्ञापन और मीडिया में समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद नगर प्रशासन हरकत में आया और मात्र 12 घंटे के भीतर शौचालय की सफाई करा दी गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूर्व सभासद विजय बक्सी ने नगर पालिका को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सफाई कराने, नियमित निरीक्षण करने और सफाई व्यवस्था को स्थायी रूप से दुरुस्त करने की मांग की थी। इसके बाद जब इस मुद्दे को मीडिया में प्रकाशित किया गया, तो प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए सफाई कर्मियों को मौके पर भेजा।
सफाई अभियान के दौरान शौचालय के अंदर और बाहर जमा कचरे को हटाया गया, फर्श और सीटों की धुलाई की गई तथा दुर्गंध को दूर करने के लिए कीटनाशक और फिनाइल का छिड़काव किया गया। सफाई के बाद शौचालय की स्थिति में स्पष्ट सुधार देखने को मिला।
स्थानीय लोगों ने सफाई होने पर संतोष जताते हुए कहा कि मीडिया और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप से ही प्रशासन सक्रिय हुआ।
पूर्व सभासद विजय बक्सी ने कहा कि यह कार्रवाई इस बात का प्रमाण है कि यदि जनसमस्याओं को मजबूती से उठाया जाए तो समाधान संभव है। उन्होंने नगर प्रशासन से मांग की कि भविष्य में सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को दोबारा ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।



