इंडिगो फ्लाइट में संदिग्ध बर्ड हिट, विमान के नोज़ में हल्का नुकसान।
रनवे निरीक्षण में नहीं मिले कोई साक्ष्य; दूसरा विमान भेजकर देर रात यात्रियों को किया गया रवाना।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
मुंबई से देहरादून आने वाली इंडिगो फ्लाइट IGO-5032 ने रविवार शाम लगभग 18:40 बजे लैंडिंग के तुरंत बाद संदिग्ध बर्ड हिट की सूचना दी। पायलट ने एटीसी को उतरते समय बर्ड स्ट्राइक का अंदेशा जताया, जिसके बाद विमान की तकनीकी जांच शुरू की गई।
तकनीकी टीम द्वारा एयरबस-320 विमान के नोज़ सेक्शन में हल्का नुकसान पाया गया। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को तत्काल ग्राउंड कर दिया गया। उड़ान में सवार सभी 186 यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे।
एयरपोर्ट प्रशासन ने रनवे और पूरे परिसर का विस्तृत निरीक्षण कराया, लेकिन कहीं भी पक्षी अवशेष या बर्ड हिट से जुड़े कोई साक्ष्य नहीं मिले। अधिकारियों का कहना है कि रात के समय दृश्यता कम होने के कारण वास्तविक स्थिति का तुरंत पता नहीं चल पाया होगा।
यात्रियों को किसी प्रकार की दिक़्क़त न हो, इसके लिए इंडिगो ने दूसरा विमान देहरादून भेजा। वैकल्पिक विमान के पहुंचने के बाद देर रात सभी यात्रियों को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रशासन पूरे समय यात्रियों के साथ संपर्क में रहे और आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई।
अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध बर्ड हिट की पुष्टि के लिए दोबारा विस्तृत जांच की जाएगी। एयरपोर्ट पर वाइल्डलाइफ कंट्रोल टीम की गश्त भी बढ़ा दी गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। एयरलाइन ने घटना से जुड़े तकनीकी विवरण डीजीसीए को भेजकर औपचारिक रिपोर्टिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है।



