उपजिलाधिकारी ने पर्यावरण योद्धाओं और पर्यावरण मित्रों को किया सम्मानित।
प्रकृति से हरेला केवल त्योहार नहीं, बल्कि जीवन और प्रकृति के सहअस्तित्व का है प्रतीक । उपजिलाधिकारी
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
हरेला पर्व के अवसर पर तहसील परिसर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने वाले 50 पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसडीएम अपर्णा ढोडियाल ने सभी पर्यावरण मित्रों को प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम मुख्य अतिथि एसडीएम अपर्णा ढोडियाल ने कहा कि हरेला केवल त्योहार नहीं, बल्कि जीवन और प्रकृति के सहअस्तित्व का प्रतीक है। यह हमें याद दिलाता है कि यदि हम प्रकृति का सम्मान करेंगे, तो वही हमें जीवनदायिनी बनकर संवारती रहेगी। कहा कि पर्यावरण मित्रों का प्रयास धरती को हरा-भरा रखने की दिशा में एक सच्ची सेवा है, और ऐसे लोग समाज में प्रेरणा स्रोत बनते हैं।
पालिकाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि हरेला पर्व हमें वृक्ष लगाने के साथ उनकी देखभाल का संदेश देता है। हर नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी सुरक्षा का जिम्मा खुद उठाना चाहिए। कहा कि पालिका क्षेत्र में सामूहिक पौधारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि हरियाली बनी रहे।
राज्य पूर्व सैनिक एकता मंच के महासचिव दरपान बोरा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक भागीदारी ही सफलता की कुंजी है। जब समाज का हर वर्ग प्रकृति की रक्षा के लिए आगे आएगा, तभी हरेला पर्व का सच्चा उद्देश्य पूर्ण होगा।
कार्यक्रम के अंत में एसडीएम, नरेन्द्र सिंह नेगी, दरपान बोरा, अधिकारियों और सभी पर्यावरण मित्रों ने मिलकर पौधारोपण किया और हरेला पर्व पर पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लिया। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख नगीना रानी,सुमेर चंद रवि, प्रेम पांचाल,जगदीश प्रसाद, संजीव लोधी, किशन नेगी, याज्ञिक वर्मा,सुरेंद्र राणा,प्रताप सिंह बिष्ट, उम्मेद सिंह, दरपान सिंह, करण पंत,विष्णु प्रवीण कुमार आदि मौजूद रहे।



