Blog

एमडीडीए अधिकारियों पर अवैध वसूली और छोटे भू-स्वामियों को डराने का आरोप, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी।

डोईवाला में नक्शा पास कराने के नाम पर उत्पीड़न का आरोप, पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला और आसपास के क्षेत्रों में नक्शा पास कराने के नाम पर आम जनता को परेशान किए जाने का मामला अब शासन तक पहुंच गया है। नगर पालिका परिषद डोईवाला के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपकर मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के कुछ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पालिका अध्यक्ष ने ज्ञापन में कहा है कि डोईवाला, भानियावाला, अठुरवाला, रानीपोखरी, माजरीग्रांट सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों मे एमडीडीए के कर्मचारी नक्शा पास कराने के नाम पर क्षेत्रीय जनता को अनावश्यक रूप से परेशान कर रहे हैं। आरोप है कि छोटे भू-खंड पर मकान बनाने वाले गरीब और मध्यम वर्गीय लोगों से जबरन पैसा वसूला जा रहा है और न देने पर मकान तोड़ने की धमकी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कई लोग अपनी जीवनभर की कमाई लगाकर 100 से 150 वर्ग गज के प्लॉट पर छोटा सा घर बनाना चाहते हैं, लेकिन अधिकारियों द्वारा यह कहकर दबाव बनाया जाता है कि छोटे प्लॉट में निर्माण संभव नहीं है। कई मामलों में अधिकारी सरकारी वाहनों में पहुंचकर नोटिस देने और कार्रवाई की चेतावनी देकर लोगों को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि भानियावाला क्षेत्र में फोर लेन सड़क परियोजना से प्रभावित दुकानदार और विस्थापित लोग पहले ही नुकसान झेल चुके हैं, अब उन्हें नक्शा पास कराने के नाम पर दोबारा परेशान किया जा रहा है। यहां तक कि ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन या घरेलू उपयोग के लिए बनाए गए छोटे निर्माणों पर भी कार्रवाई की जा रही है, जिससे जनता में भारी रोष है।
पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री से मांग की कि डोईवाला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को एमडीडीएके दायरे से बाहर किया जाए या फिर प्राधिकरण के अधिकारियों की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रीय जनता जन-आंदोलन के लिए मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस मौके पर पुरुषोत्तम डोभाल, रविंदर बेलवाल मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button