एवीबीपी ने अध्यक्ष, यू आर सहित सभी 6 सीटों पर किया कब्ज़ा, एनएसयूआई का सुपड़ा साफ।
नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ, छात्र संघ चुनाव रहा 58.2 प्रतिशत मतदान।

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
शहीद दुर्गामल्ल महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने इस बार भी लगातार 15 वीं बार ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए सभी पदों पर विजय हासिल की। अध्यक्ष से लेकर विश्वविद्यालय प्रतिनिधि तक एबीवीपी ने एनएसयूआई प्रत्याशियों को हराकर एकतरफा प्रदर्शन किया।
अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के अमित कुमार ने एनएसयूआई के गौरव सिंह बिष्ट को 50 मतों से पराजित किया। अमित कुमार को 432 वोट मिले जबकि गौरव सिंह बिष्ट को 382 वोट ही मिले।
उपाध्यक्ष पद पर एबीवीपी के गौरव ने एनएसयूआई प्रत्याशी समीर को 89 मतों से हराया। गौरव को 440 वोट, जबकि समीर को 351 वोट प्राप्त हुए।
सचिव पद पर एबीवीपी के अमन सिंह ने एनएसयूआई के मुकेश कुमार को 115 मतों से शिकस्त दी। अमन सिंह को 454 वोट मिले, जबकि मुकेश कुमार को 339 वोट ही मिल पाए।
सह सचिव पद पर भी एबीवीपी की तान्या बस्सी ने जीत दर्ज की। उन्होंने एनएसयूआई की अंशिका पंत को 107 मतों से हराया। तान्या बस्सी को 448 वोट मिले, जबकि अंशिका पंत को 341 वोट मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी की दुर्गा ने एनएसयूआई की संजना थापा को 132 मतों से पराजित किया। दुर्गा को कुल 467 वोट, जबकि संजना थापा को 335 वोट मिले।
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर भी एबीवीपी ने जीत का परचम लहराया। एबीवीपी के मोहित डंगवाल ने एनएसयूआई के राज किरण शाह को 24 मतों से हराया। मोहित को 318 वोट, जबकि राज किरण शाह को 294 वोट मिले।
विजय परिणाम घोषित होते ही एबीवीपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने कॉलेज परिसर में जुलूस निकालकर जीत का जश्न मनाया। ढोल-नगाड़ों और मिठाइयों के साथ पूरे माहौल को उत्सव जैसा बना दिया गया।
छात्र संघ चुनाव : 58.2 प्रतिशत मतदान, नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ।
महाविद्यालय छात्र संघ चुनाव में इस बार छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला। कुल 1464 मतदाताओं में से 853 छात्र-छात्राओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार मतदान प्रतिशत 58.2 रहा। मतदान के उपरांत मतगणना हुई, जिसमें अध्यक्ष सहित सभी पदों के परिणाम घोषित किए गए।
घोषित नतीजों के बाद विजयी प्रत्याशियों को महाविद्यालय प्राचार्य डीपी भट्ट ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में प्राचार्य भट्ट ने छात्र नेताओं से कहा कि छात्र संघ लोकतंत्र की आधारशिला है, अतः उन्हें अनुशासन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए।
शपथ ग्रहण के साथ ही नए छात्र संघ पदाधिकारियों ने कॉलेज हित में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। चुनाव और शपथ ग्रहण कार्यक्रम में कॉलेज का माहौल उल्लासपूर्ण रहा।



