Blog

एसआरएचयू में जर्मन भाषा प्रशिक्षण बैच का शुभारंभ, नर्सिंग छात्रों के लिए विदेश में करियर की राह आसान। (लर्नेट स्किल्स के सहयोग से ओवरसीज़ ट्रेनिंग कार्यक्रम शुरू)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू) जौलीग्रांट ने स्किल डेवलपमेंट पार्टनर लर्नेट स्किल्स के सहयोग से नर्सिंग छात्र-छात्राओं के लिए ओवरसीज़ ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट कार्यक्रम के तहत जर्मन भाषा प्रशिक्षण बैच का औपचारिक शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर बेहतर करियर अवसर प्रदान करना तथा उन्हें अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सक्षम और प्रशिक्षित बनाना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ नोडल अधिकारी ओवरसीज़ ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट डॉ. मुकेश बिजल्वान द्वारा स्वागत संबोधन से हुआ। इसके पश्चात असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट लर्नेट स्किल्स पुनीत सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए जर्मन भाषा प्रशिक्षण, विदेश में रोजगार की संभावनाओं तथा प्रशिक्षण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। वहीं लर्नेट स्किल्स के प्रबंध निदेशक आरसीएम रेड्डी ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्रों के कौशल को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होंगे।
एसआरएचयू के कुलपति डॉ. राजेंद्र डोभाल ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में भाषा कौशल के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर अत्यंत आवश्यक है। यह कार्यक्रम हमारे नर्सिंग के विद्यार्थियों को विदेशों में बेहतर अवसर दिलाने का सशक्त माध्यम बनेगा और उनकी पेशेवर क्षमताओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। उन्होंने कहा कि एसआरएचयू सदैव छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। जर्मन भाषा प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रम न केवल छात्रों के कौशल में वृद्धि करेंगे, बल्कि उन्हें वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर भी प्रदान करेंगे। यह पहल उत्तराखंड के युवाओं के लिए एक नई दिशा तय करेगी। इस दौरान चयनित नर्सिंग छात्र-छात्राओं को जर्मन भाषा प्रशिक्षण किट का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के समापन पर लर्नेट स्किल्स के स्टेट हेड रमेश पेटवाल ने उपस्थित सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button