Blog

एसडीआरएफ द्वारा सैनिक सम्मेलन आयोजित — चारधाम यात्रा, संसाधन सुदृढ़ीकरण एवं भावी रणनीति पर मंथन।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा)
एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के नेतृत्व में एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय में सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में राज्यभर की समस्त पोस्टों से अधिकारी एवं कार्मिक ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। सेनानायक महोदय ने वर्चुअल संवाद के माध्यम से प्रत्येक पोस्ट की समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित एवं व्यावहारिक समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जवानों का कल्याण, उच्च मनोबल और सशक्त संवाद व्यवस्था ही बल की वास्तविक ताकत है।

बैठक में आगामी चारधाम यात्रा के दृष्टिगत व्यापक रणनीतिक तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। यात्रा मार्गों पर संभावित प्राकृतिक आपदाओं, दुर्घटनाओं एवं अन्य आकस्मिक परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली (Quick Response Mechanism) को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने, पर्वतीय एवं हाई-एल्टीट्यूड रेस्क्यू प्रबंधन को तकनीकी रूप से सुदृढ़ करने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त एसडीआरएफ में नवीन आपदा-उपकरणों के क्रय, आधुनिक तकनीक के समावेशन एवं संसाधनों के उन्नयन पर भी विस्तृत चर्चा की गई। वर्तमान में प्रचलित तथा भविष्य में प्रस्तावित निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का परीक्षण कर उन्हें समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए, ताकि बल की परिचालन क्षमता और अधिक सशक्त हो सके।

सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने सभी कार्मिकों को अनुशासन, समर्पण एवं उच्च व्यावसायिक दक्षता के साथ कर्तव्य निर्वहन करने हेतु प्रेरित करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विश्वास और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना एसडीआरएफ की सर्वोच्च प्रतिबद्धता है।

इस अवसर पर उपसेनानायक श्री शांतनु पाराशर, निरीक्षक श्री राजीव रावत सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button