एसडीआरएफ ने आपदा प्रबंधन में सक्षम युवा टीम की तैयार । यदुवंशी
जॉलीग्रांट में युवा आपदा मित्रों का सातवां बैच प्रशिक्षण पूर्ण 95 युवक-युवतियों को मिला आपदा प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) द्वारा आयोजित युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत सातवां बैच एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, जॉलीग्रांट में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण 7 जनवरी 2026 से प्रारंभ हुआ था, जिसमें कुल 95 युवक-युवतियों ने सहभागिता की। इनमें 60 युवक एवं 35 युवतियां शामिल रहीं।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर, खोज एवं बचाव तकनीक, रोप रेस्क्यू, विक्टिम कैरी तथा प्रारंभिक अग्निशमन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। फील्ड अभ्यास के माध्यम से युवाओं को आपदा की वास्तविक परिस्थितियों में त्वरित, सुरक्षित और प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार किया गया।
समापन अवसर पर सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि प्रशिक्षित युवा आपदा मित्र आपदा के समय समाज की पहली ढाल बनेंगे और राहत-बचाव कार्यों में प्रशासन को मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से स्थानीय स्तर पर आपदा प्रबंधन की क्षमता सुदृढ़ होती है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में इंस्पेक्टर प्रमोद रावत, उपनिरीक्षक अनूप रमोला, मुख्य आरक्षी मनोज धोनी, उमेश भट्ट, राकेश राणा, आरक्षी नवीन प्रसाद, आशीष बिष्ट, अजय विश्वकर्मा और सुरेश मलासी सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



