एसडीआरएफ में युवा आपदा मित्रों के दसवें बैच का प्रशिक्षण हुआ संपन्न, युवा आपदा के दौरान बचाव में निभाएंगे सहभागी की भूमिका।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) द्वारा संचालित “युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम” के अंतर्गत दसवां बैच 5 फरवरी से 11 फरवरी तक SDRF वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस बैच में कुल 66 युवाओं ने सहभागिता करते हुए आपदा प्रबंधन से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन की मूलभूत जानकारी, आपदा प्रबंधन अधिनियम, प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर, सर्च एवं रेस्क्यू तकनीक, रोप रेस्क्यू, तथा आपदा के समय अपनाई जाने वाली सावधानियों का सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे वे आपदा की स्थिति में प्रभावी रूप से कार्य कर सकें।
एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन में प्रशिक्षित युवा समाज के लिए अमूल्य संसाधन होते हैं। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में प्रशिक्षित और जागरूक नागरिक ही सबसे पहले सहायता पहुंचाते हैं, इसलिए यह प्रशिक्षण युवाओं को जिम्मेदारी, नेतृत्व और सेवा भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। सेनानायक महोदय ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षित युवा आपदा मित्र अपने-अपने क्षेत्रों में जन-जागरूकता बढ़ाने एवं आपात स्थितियों में त्वरित सहायता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



