Blog

कड़ाके की सर्दी के बावजूद ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं की बढ़ती उपस्थिति ने आंदोलन को दी और मजबूती।

एयरपोर्ट विस्तारीकरण के विरोध में संघर्ष समिति का आंदोलन 21 वें दिन भी जारी रहा।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
अठूरवाला में एयरपोर्ट विस्तारीकरण के विरोध में संघर्ष समिति का आंदोलन सोमवार को 21वें दिन भी जारी रहा। कड़ाके की सर्दी के बावजूद ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं की बढ़ती उपस्थिति ने आंदोलन को और मजबूती दी है। लोगों का कहना है कि मुद्दा अब सिर्फ जमीन का नहीं, बल्कि भविष्य और पहचान का बन गया है।

धरना स्थल पर समिति अध्यक्ष मनजीत सजवान ने कहा कि सरकार की चुप्पी और परियोजना से जुड़ी अस्पष्टता ग्रामीणों की चिंता बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट विस्तार से गांवों पर पड़ने वाले प्रभावों की सही जानकारी अब तक नहीं दी गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि स्पष्ट समाधान के बिना आंदोलन पीछे नहीं हटेगा।

समिति से जुड़े ध्यान सिंह सजवान ने कहा कि ग्रामीण विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास की कीमत पर विस्थापन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक मुआवजा, पुनर्वास और जनसहमति सुनिश्चित नहीं होते, संघर्ष जारी रहेगा। ठंड हमारे हौसले नहीं तोड़ सकती I

ग्रामीणों का कहना है कि परियोजना को लेकर अफवाहें और अनिश्चितता बढ़ रही है, जिससे लोग परेशान हैं। उनका कहना है कि सरकार की ओर से संवाद न होने के कारण स्थिति और उलझ रही है। ग्रामीणों ने मांग की कि प्रशासन स्पष्ट करे कि किन क्षेत्रों पर परियोजना का सीधा असर पड़ेगा।

धरना स्थल पर आशा सजवान, ममता सजवान, हुकम सिंह पवार, ध्यान सिंह सजवान, किशन सिंह, कमल सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। आंदोलन में महिलाओं और युवाओं की बढ़ती भूमिका ने संघर्ष समिति का मनोबल और मजबूत किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button