Blog

केशवपुरी में नए सड़क निर्माण के कार्य को रोके जाने पर लोगों में आक्रोश।

विद्यालय समिति ने रोका सड़क निर्माण, स्थानीय लोग नाराज़ अब सीमांकन रिपोर्ट पर टिकी पालिका की अगली कार्रवाई।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
केशवपुरी बस्ती में स्थित दशहरा मेला ग्राउंड और सिंचाई नहर समीप नगर पालिका द्वारा करीब 100 साल पुराने बने पूस्ते के पास नए सड़क मार्ग का निर्माण शनिवार को उस समय रोकना पड़ा, जब पब्लिक इंटर कॉलेज की प्रबंधन समिति ने भूमि को अपनी संपत्ति बताते हुए आपत्ति जता दी। विवाद बढ़ने के बाद निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो गया और मामला अब सीमांकन तक पहुँच गया है। वहीं केशवपुरी बस्ती के लोगों ने बनाए जा नए मार्ग के कार्य को रोके जाने पर पीआईसी की प्रबंधक समिति के खिलाफ नारेबाजी कर धरना प्रदर्शन किया।

नगर पालिका के अनुसार केशवपुरी और राजीव नगर की कनेक्टिविटी सुधारने के लिए यह सड़क अत्यंत आवश्यक थी। वहीं दशहरा मेला ग्राउंड में पार्क निर्माण का कार्य चल रहा है। केशवपूरी बस्ती में घनी आबादी बसने से नए मार्ग की आवश्यकता बन गई है इसी के समाधान के रूप में पालिका ने नए मार्ग का निर्माण कार्य शुरू करवाया था।

इसी दौरान स्थल पर पहुंचे स्कूल प्रबंधक मनोज नौटियाल ने निर्माण रुकवाते हुए कहा कि जिस भूमि पर सड़क बनाई जा रही है, वह विद्यालय की है। “जब तक सीमांकन नहीं हो जाता और स्वामित्व स्पष्ट नहीं होता, तब तक किसी भी प्रकार का निर्माण स्वीकार्य नहीं है,” उन्होंने कहा।

उधर, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि पालिका जनता की सुविधा के लिए मार्ग तैयार कर रही थी। यदि भूमि को लेकर विवाद है, तो दोनों पक्षों के संतोषजनक सीमांकन के बाद ही आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

विद्यालय समिति की ओर से निर्माण रुकवाए जाने के बाद वार्ड नंबर 11 के सभासद अमित कुमार, वार्ड नंबर 12 के सभासद प्रतिनिधि अनुज कालरा सहित स्थानीय निवासियों ने सड़क निर्माण रोकने के विरोध में प्रबंधन समिति के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों का कहना था कि जिस जमीन और करीब 100 साल पुराने बने पूस्ते को प्रबंधन समिति अपनी जगह बता रही है जो कि उनकी कभी नहीं थी।

फिलहाल भूमि विवाद के समाधान तक सड़क निर्माण कार्य रोक दिया गया है। नगर पालिका अब सीमांकन रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर आगे की दिशा तय की जाएगी।

मौके पर पूर्व ग्राम प्रधान रवि पाल, शालू थापा, राहुल, ललित थापा, जनरल सिंह, गुरप्रीत सिंह, परमजीत कौर, पूनम थापा, शंभू, विनोद, करण, शकुंतला, रामदुलारी, कमला थापा, शारदा देवी, हेमंती देवी, ममता देवी, सुनीता, गीता रावत आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button