Blog

क्षेत्र पंचायत बैठक में विभागों से बेहतर समन्वय पर जोर।

विभागीय योजनाओं की प्रगति साझा, अधिकारियों को समय पर कार्य पूर्ण करने की सलाह।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
विकासखंड डोईवाला के सभागार में शनिवार को क्षेत्र पंचायत की नियमित समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा चल रही विकास योजनाओं की प्रगति साझा की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने की, जबकि संचालन खंड विकास अधिकारी परशुराम सकलानी ने किया।

बैठक में ग्रामीण विकास, कृषि, पेयजल, जल संस्थान, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, उद्यान और समाज कल्याण सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रत्येक विभाग ने अपनी योजनाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की स्थिति पर विस्तृत जानकारी दी।

ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुँचे, इसके लिए विभागों के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है। उन्होंने विभागों को सुझाव दिया कि वे कार्यों की गति बनाए रखें और जिन कार्यों में देरी हो रही है उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं।

खंड विकास अधिकारी परशुराम सकलानी ने कहा कि योजनाओं की प्रगति का निरंतर मूल्यांकन जरूरी है। उन्होंने विभागों को सलाह दी कि वे फील्ड स्तर पर निरीक्षण बढ़ाएं, ताकि कार्यों की स्थिति का सही आकलन हो सके। सकलानी ने यह भी कहा कि जनता से मिलने वाली शिकायतों पर विभाग शीघ्र कार्रवाई करें।

बैठक के दौरान कुछ विभागों के अनुपस्थित रहने पर वार्ड सदस्यों ने अपनी चिंता व्यक्त की। अधिकारियों ने इस पर संज्ञान लेते हुए कहा कि अनुपस्थित विभागों से जानकारी ली जाएगी।

बैठक के अंत में ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि विकास कार्यों की सुचारु प्रगति के लिए पंचायत स्तर पर संवाद और समन्वय को और मजबूत किया जाएगा, ताकि योजनाओं का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों तक समय पर पहुँच सके। इस मौके पर ज्येष्ठ प्रमुख धनबीर बेनधवाल, प्रमुख मंजू देवी आदि क्षेत्र पंचायत सदस्यों के अलावा अधिकारी गण मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button