खालसा सजना दिवस पर गुरुद्वारे में हुआ अमृत संचार, (बैसाखी पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने किया अमृत पान, रहत मर्यादा का कराया गया बोध)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
खालसा सजना दिवस (बैसाखी पर्व) के पावन अवसर पर प्रेमनगर बाजार के मुख्य गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, डोईवाला में श्रद्धा और मर्यादा के साथ अमृत संचार कार्यक्रम का आयोजन किया I
अमृत पान के उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं को सिख रहत मर्यादा के नियमों व अनुशासन से विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से पंच प्यारों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।
सुबह से ही गुरुद्वारे में संगत का तांता लगा रहा और श्रद्धालुओं ने मत्था टेक कर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर सरदार हरमिंदर सिंह व सरवन सिंह ने कहा कि गुरु महाराज की शिक्षाएं केवल सिख समाज ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं और सार्थक, अनुशासित व सेवा भाव से युक्त जीवन का मार्ग प्रशस्त करती हैं। उन्होंने कहा कि खालसा पंथ की स्थापना ने समानता, साहस और सत्य के मूल्यों को सुदृढ़ किया।
उल्लेखनीय है कि खालसा सजना दिवस 13 अप्रैल 1699 को आनंदपुर साहिब में सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह द्वारा खालसा पंथ की स्थापना की स्मृति में मनाया जाता है। यह दिन सिख इतिहास में आत्मसम्मान, त्याग और सेवा के संकल्प का प्रतीक माना जाता है।
कार्यक्रम में सरदार सुखविंदर सिंह, मंगत सिंह, ज्ञानी मलकीत सिंह, रणजीत सिंह, रविंदर सिंह, गुरदीप सिंह, बलजीत सिंह, अरविंद्र सिंह खालसा, बलबीर सिंह, इंद्रजीत सिंह लाड़ी, मोहन सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन शांतिपूर्ण व श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हुआ।



