खुले कुट्टू कांटे की बिक्री पर रोक, तीन नमूने जांच को भेजे; उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई।
नवरात्र पर खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त, कुट्टू के आटे पर चलाया विशेष अभियान।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नवरात्र पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जिलेभर में सख्ती बढ़ा दी है। आयुक्त सचिन कर्वे के निर्देशों के क्रम में विभागीय टीमें लगातार बाजारों में निरीक्षण कर रही हैं, ताकि व्रत में उपयोग होने वाली सामग्री में किसी भी प्रकार की मिलावट न हो।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन देहरादून की टीम ने भानियावाला, डोईवाला सहित कई क्षेत्रों में दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को निर्देश दिए गए कि खुले कुट्टू कांटे की बिक्री किसी भी हालत में न की जाए। अधिकारियों ने बताया कि खुले कुट्टू कांटे में मिलावट की संभावना अधिक रहती है, जिससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।
टीम ने दुकानदारों को यह भी निर्देशित किया कि केवल कंपनी पैक्ड कुट्टू का आटा ही बिक्री के लिए रखा जाए। पैकेट पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट का स्पष्ट उल्लेख होना अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही कुट्टू का आटा केवल पक्के बिल के माध्यम से ही खरीदे जाने के निर्देश दिए गए, ताकि आपूर्ति से संबंधित जानकारी रिकॉर्ड में उपलब्ध रहे।
निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर टीम ने विभिन्न दुकानों से कुट्टू के आटे के तीन नमूने जांच के लिए संग्रहित किए हैं। इन नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है, जहां खाद्य मानकों के अनुसार उनकी जांच की जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी प्रकार की मिलावट या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि नवरात्र जैसे पावन पर्व में लोगों की आस्था और स्वास्थ्य दोनों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग का यह अभियान नवरात्र के दौरान और भी तेज किया जाएगा और लगातार बाजारों में निगरानी रखी जाएगी। साथ ही उन्होंने आम उपभोक्ताओं से अपील की कि व्रत सामग्री खरीदते समय केवल पैक्ड उत्पाद ही लें और किसी भी तरह की गड़बड़ी नजर आने पर तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दें।



