Doiwala newsउत्तराखंडसामाजिक

गन्ना सीजन में सड़क सुरक्षा पर फोकस, ओवरलोडिंग पर सख्त चेतावनी।

कोहरे के बढ़ते खतरे के बीच डोईवाला शुगर मिल में चला विशेष जागरूकता अभियान।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
गन्ना सीजन के साथ सर्दियों में घने कोहरे की चुनौती को देखते हुए परिवहन विभाग ऋषिकेश एवं पुलिस डोईवाला ने डोईवाला शुगर मिल परिसर में गन्ना वाहन चालकों के लिए एक प्रभावी सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य गन्ना ढुलाई के दौरान बढ़ते हादसों पर रोक लगाना, ओवरलोडिंग की प्रवृत्ति को खत्म करना और चालकों में जिम्मेदार वाहन संचालन की समझ विकसित करना रहा।

इस मौके पर एआरटीओ रश्मि पंत ने कहा कि कोहरे के मौसम में ओवरलोड वाहन सबसे बड़ा जोखिम बन जाते हैं। क्षमता से अधिक गन्ना लादने पर वाहन का संतुलन बिगड़ जाता है, ब्रेकिंग सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय मानकों से अधिक भार पाए जाने पर चालान के साथ परमिट निरस्तीकरण जैसी कड़ी कार्रवाई भी की जा सकती है। उन्होंने चालकों से अपील की कि वे निर्धारित भार सीमा, सीमित गति और सभी सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

डोईवाला कोतवाली एस आई मुकेश कुमार ने कहा कि गन्ना सीजन और घने कोहरे के दौरान सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि दुर्घटनाओं की रोकथाम और लोगों की जान की सुरक्षा करना है। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने चालकों से वाहन चलाते समय पूरी सतर्कता बरतने और यातायात नियमों को अपनी आदत बनाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान ट्रैक्टर और ट्रक चालकों को रिफ्लेक्टिव कवर वितरित किए गए, जिससे कोहरे में वाहनों की दृश्यता बनी रहे। साथ ही वाहनों में लाइट, इंडिकेटर, रिफ्लेक्टर और अन्य सुरक्षा उपकरणों को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने घने कोहरे में अनावश्यक रूप से वाहन न चलाने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने और समय से पहले यात्रा की योजना बनाने की सलाह भी दी।

इस मौके पर एसआई राज नारायण व्यास, वीर सिंह, सोमेंद्र, सतवीर, निखिल, रीना पुंडीर, शबाना सहित परिवहन विभाग, पुलिस विभाग एवं शुगर मिल के कर्मचारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में गन्ना वाहन चालकों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार वाहन संचालन का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button