Blog

गन्ने की भारी किल्लत से डोईवाला शुगर मिल पर संकट, कई गन्ना क्रय केंद्र बंद, 23 फरवरी तक पेराई पूरी होने के आसार

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
पेराई सत्र 2025–26 में डोईवाला शुगर कंपनी लिमिटेड गन्ने की गंभीर कमी का सामना कर रही है। लगातार घटती आपूर्ति के चलते मिल को प्रतिदिन पेराई योग्य गन्ना पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पा रहा है, जिससे मिल संचालन प्रभावित होने लगा है। हालात को देखते हुए कई गन्ना क्रय केंद्रों को बंद करना पड़ा है।
उत्तराखंड चीनी उद्योग के अनुसार इस सत्र में मिल गेट समेत कुल 57 बाह्य गन्ना क्रय केंद्र स्वीकृत किए गए थे। इनमें देहरादून जनपद की डोईवाला समिति के पांच, देहरादून समिति के 21, हरिद्वार जनपद की ज्वालापुर समिति के छह, रुड़की (इकबालपुर) समिति के 22, लक्सर समिति का एक और हिमाचल प्रदेश की पांवटा समिति के दो क्रय केंद्र शामिल हैं।
मुख्य गन्ना प्रबंधक की 18 फरवरी 2026 की रिपोर्ट में बताया गया कि गन्ने की अत्यधिक कमी और संपूर्ण खरीद के बाद रुड़की समिति के छह तथा देहरादून समिति के आठ क्रय केंद्र बंद करना पड़ा। बीते कई दिनों से शेष संचालित क्रय केंद्रों से भी मिल को पेराई योग्य गन्ना पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पा रहा है, जिससे स्पष्ट हो गया है कि क्षेत्र में गन्ना अब बहुत सीमित मात्रा में ही उपलब्ध है।
मिल प्रशासन के अनुसार उपलब्ध गन्ने की पेराई 23 फरवरी 2026 तक पूरी हो जाने की संभावना है। इसके बाद मिल बंद करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। साथ ही, सभी गन्ना उत्पादक किसानों से अपील की गई है कि जिनके पास अभी भी गन्ना उपलब्ध है, वे 23 फरवरी तक अनिवार्य रूप से मिल को आपूर्ति सुनिश्चित करें, ताकि सत्र में अंतिम पेराई सुचारू रूप से पूरी हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button