गैरसैंण में भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का विधानसभा घेराव, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार के विरोध में डोईवाला कांग्रेस ने बुलंद की आवाज।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ गैरसैंण में आयोजित विधानसभा घेराव कार्यक्रम में डोईवाला कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करतार सिंह नेगी के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल घेराव में शामिल हुआ। इस दौरान डोईवाला कांग्रेस ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी भी कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद रहे।
डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर पहुंच चुकी है, भ्रष्टाचार बेलगाम हो गया है और महिलाओं पर अत्याचार के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं से ध्यान भटकाकर केवल घोषणाओं की राजनीति कर रही है। इसी के विरोध में कांग्रेस को विधानसभा घेराव जैसा कदम उठाना पड़ा।
डोईवाला नगर अध्यक्ष करतार सिंह नेगी ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से आमजन परेशान है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, महंगाई ने घर-घर की कमर तोड़ दी है और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि गैरसैंण में किया गया विधानसभा घेराव जनता की आवाज है और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इन जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी
घेराव कार्यक्रम में नगर महासचिव रोहित नेगी, नगर कार्यालय प्रभारी चन्द्रप्रकाश काला, शार्दूल नेगी, मंडलम अध्यक्ष संजीव भट्ट, राहुल नेगी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जनता के हक की लड़ाई को और तेज करने का संकल्प लिया।



