ग्रेड के नाम पर घूसखोरी बेनकाब, (उपखंड शिक्षा अधिकारी विजिलेंस के जाल में नेपाली फार्म में रंगे हाथ पकड़ा गया अधिकारी, एक लाख की रिश्वत लेते ही दबोचा)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
जनपद देहरादून के डोईवाला विकासखंड में तैनात उपखंड शिक्षा अधिकारी धनवीर सिंह बिष्ट को विजिलेंस की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई नेपाली फार्म क्षेत्र में की गई, जहां अधिकारी एक निजी वाहन से रिश्वत लेने पहुंचा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऋषिकेश क्षेत्र के एक निजी स्कूल को ग्रेड देने के नाम पर उपखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी। पीड़ित स्कूल संचालक ने इसकी शिकायत उत्तराखंड विजिलेंस से की और रिश्वत मांगे जाने से जुड़े सभी साक्ष्य उपलब्ध कराए।
शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार अधिकारी नेपाली फार्म में रिश्वत लेने पहुंचा, जहां विजिलेंस द्वारा दिए गए चिन्हित नोट जैसे ही उसने पढ़े और स्वीकार किए, टीम ने तत्काल उसे दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी को रायवाला कोतवाली ले जाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की गई। विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। वहीं क्षेत्र में यह संदेश भी गया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस सख्त है और किसी भी स्तर पर घूसखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



