Blog

घमंडपुर पशु प्रदर्शनी में सुषमा रावत की गाय और खजानी देवी की भैंस प्रथम।

44 पशुओं की सहभागिता, उन्नत पशुपालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हुआ आयोजन।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
विकासखंड डोईवाला के अंतर्गत रानीपोखरी क्षेत्र के घमंडपुर गांव में पशु प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में कुल 44 पशुओं ने विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों को प्रोत्साहित करना और उन्हें उन्नत व वैज्ञानिक पशुपालन के प्रति जागरूक करना रहा।
दुधारू गाय वर्ग में सुषमा रावत की गाय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं विमला देवी द्वितीय और सुनीता देवी तृतीय स्थान पर रहीं। दुधारू भैंस वर्ग में खजानी देवी की भैंस ने प्रथम स्थान हासिल किया। बछिया वर्ग में सुमेर चंद प्रथम, अमिला नेगी द्वितीय और कंचना तृतीय स्थान पर रहीं। कटिया वर्ग में ऊषा देवी ने प्रथम तथा रजनी देवी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बैल जोड़ी वर्ग में शैलेन्द्र कुमार कंसाली प्रथम और जयप्रकाश द्वितीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। ऐसी प्रदर्शनियों से पशुपालकों को बेहतर नस्ल, नई तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों की जानकारी मिलती है, जिससे उनकी आय में वृद्धि संभव है।
डोईवाला पशु चिकित्सा अधिकारी पूजा पांडे ने कहा कि पशुओं के अच्छे स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार, समय पर टीकाकरण और नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने पशुपालकों से पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता पशुपालकों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। पशु प्रदर्शनी को लेकर क्षेत्र के पशुपालकों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर पशु चिकित्सा अधिकारी श्यामपुर अमित सैनी, पशु चिकित्सा अधिकारी ऋषिकेश अमित, रैनापुर ग्राम प्रधान अनूप चौहान आदि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button