Blog

(घरेलू रसोई की सुरक्षा पर सवाल) डोईवाला के कुड़कावाला में इंडियन गैस का सिलेंडर 2.200 किलो कम निकला, विभागीय जांच में हुई पुष्टि।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
घरेलू गैस उपभोक्ताओं की सुरक्षा और अधिकारों से जुड़ा एक मामला डोईवाला क्षेत्र के कुड़कावाला में सामने आया है। डोईवाला गैस सर्विस द्वारा वितरित इंडियन गैस के एक घरेलू सिलेंडर में निर्धारित वजन से 2 किलो 200 ग्राम कम गैस पाई गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

मामले का खुलासा तब हुआ जब एक उपभोक्ता ने सिलेंडर का वजन संदिग्ध लगने पर इसकी शिकायत खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में दर्ज कराई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा नापतोल विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच की।

जांच के दौरान वितरण के बाद बचे हुए सात भरे हुए सिलेंडरों का मौके पर ही वजन कराया गया। जांच में छह सिलेंडर मानकों के अनुसार पूरे पाए गए, जबकि एक सिलेंडर में 2.200 किलो गैस कम पाई गई। इसके बाद गैस एजेंसी में उपयोग किए जा रहे सभी तोल कांटों की भी जांच की गई, जो मानकों के अनुरूप सही पाए गए।

पूर्ति अधिकारी विभूति जुयाल ने बताया कि उपभोक्ता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच की गई है। जांच में एक सिलेंडर में गैस की कमी पाई गई है और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नापतोल विभाग के अधिकारी प्रवीण नेगी ने बताया कि सभी सिलेंडरों का वजन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कराया गया। जांच में एक सिलेंडर दोषपूर्ण पाया गया, जबकि शेष सिलेंडर और तोल उपकरण पूरी तरह सही पाए गए हैं।

विभागीय अधिकारियों ने गैस उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे सिलेंडर प्राप्त करते समय सील, वजन और डिलीवरी स्लिप की जांच अवश्य करें। किसी भी प्रकार की अनियमितता या संदेह होने पर तुरंत गैस एजेंसी या संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button