घरेलू विवाद में बढ़ा तनाव, महिला ने पति पर हिंसा व धमकी का आरोप।
रानीपोखरी के भट्टनगरी क्षेत्र की घटना, पुलिस ने तहरीर पर शुरू की जांच।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
थाना रानीपोखरी क्षेत्र के भट्टनगरी निवासी एक महिला ने अपने पति पर घरेलू हिंसा, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार उसका विवाह करीब 13 वर्ष पूर्व भट्टनगरी निवासी गौरव कैंथूरा से हुआ था। महिला ने आरोप लगाया कि बीती 14 दिसंबर की शाम घरेलू विवाद के दौरान पति ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि गला दबाने के साथ पेट पर लात-घूंसे मारे गए, जिससे उसे शारीरिक चोटें आईं।
महिला का कहना है कि पति द्वारा लंबे समय से उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उसने पुलिस को बताया कि इस घटनाक्रम के बाद उसे और उसकी 12 वर्षीय बेटी की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है। पीड़िता ने यह भी अवगत कराया कि दोनों के बीच का मामला न्यायालय में पहले से विचाराधीन है।
थाना रानीपोखरी पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की सत्यता की पड़ताल के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



