चाँदमारी -दुधली रेलवे फाटक पर जाम से ठप होती आपात सेवाएं।
आरओबी नहीं तो वैकल्पिक व्यवस्था जरूरी। अधिवक्ता अजय कुमार
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
दुधली क्षेत्र का रेलवे फाटक संख्या-28 अब केवल यातायात बाधा नहीं, बल्कि आपात सेवाओं के लिए भी बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। फाटक बंद होने के दौरान लगने वाले लंबे जाम से एम्बुलेंस, स्कूली वाहन और नौकरीपेशा लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता अजय कुमार ने कहा कि शुगर मिल से जुड़े भारी वाहनों की आवाजाही और लगातार ट्रेन आवागमन के कारण यहां दिनभर दबाव बना रहता है। फाटक बंद होते ही यातायात पूरी तरह ठप हो जाता है, जिससे आसपास के गांवों और शहरी क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित होता है।
संयुक्त निरीक्षण के बाद विभागों द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि मानकों के अनुसार भूमि उपलब्ध न होने के कारण फिलहाल रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण संभव नहीं है। ऐसे में प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती यह है कि बिना आरओबी के जनता को कैसे राहत दी जाए।
अजय कुमार ने प्रशासन से मांग की कि यातायात पुलिस, रेलवे और स्थानीय प्रशासन मिलकर तत्काल वैकल्पिक ट्रैफिक प्लान तैयार करें। वैकल्पिक मार्ग, समयबद्ध डायवर्जन और तकनीकी प्रबंधन से ही दुधली रेलवे फाटक की समस्या का समाधान संभव है।



