चार ग्राम पंचायत सीटों पर जनता ने चुने नए चेहरे लोगो दी बधाई।
कहीं एक वोट ने बदली तस्वीर, तो कहीं भारी जनसमर्थन से मिला जनादेश।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
उपचुनाव परिणामों ने चार ग्राम पंचायत वार्डों में स्थानीय राजनीति की नई तस्वीर पेश कर दी। खंड विकास कार्यालय में शनिवार को हुई मतगणना में वोटरों का रुझान अलग–अलग वार्डों में पूरी तरह भिन्न दिखाई दिया—कहीं बेहद करीबी मुकाबला तो कहीं एकतरफा जीत देखने को मिली।
लिस्ट्राबाद वार्ड नंबर 4 में चुनावी नतीजों ने सभी को चौंका दिया। यहां एक–एक वोट की कीमत स्पष्ट दिखाई दी। सुशील ठाकुर ने 65 मत पाकर अपने प्रतिद्वंद्वी सुमित को केवल एक वोट से पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की। यह परिणाम क्षेत्र में दिनभर चर्चा का विषय बना रहा।
जोगीवाला माफी वार्ड 04 में वोटरों ने पवन उनियाल के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया। उन्हें 101 वोट मिले, जबकि निखिल सिंह पंवार को 56 मत मिले। यहां 45 वोटों की बढ़त ने चुनावी तस्वीर शुरू से ही साफ कर दी।
गढ़ीमयचक वार्ड 08 में वोटरों का रुझान काफी संतुलित रहा, लेकिन अंत में शुभांकित रावत ने 128 मत पाकर प्रदीप सिंह (109 वोट) को पीछे छोड़ते हुए 19 वोटों से जीत हासिल की। यह वार्ड उन क्षेत्रों में रहा जहां मुकाबला लगातार रोमांचक बना रहा।
प्रतीत नगर वार्ड 12 ने इस उपचुनाव में सबसे बड़ा अंतर दर्ज किया। चार प्रत्याशियों के बीच मुकाबले में विवेक रावत को भारी जनसमर्थन मिला और उन्होंने 302 वोट के साथ बाजी मार ली। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी हिमांशु सिंह को 96 मत मिले। 206 वोटों के अंतर ने इस जीत को सबसे प्रभावशाली बना दिया।
चुनाव अधिकारी परशुराम सकलानी ने बताया कि मतगणना प्रक्रिया पूर्णतः शांतिपूर्ण रही और सभी विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र सौंप दिए गए। उन्होंने मतदाताओं द्वारा दिखाए गए संयम और सहभागिता की सराहना की।



