Blog

स्वच्छता उल्लंघन पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, 18 लोगों से 10,900 रूपये जुर्माना।

एयरपोर्ट सुरक्षा को खतरा बने कूड़े पर पालिका की सख्त नज़र।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका ने बुधवार को स्वच्छता को सीधे एयरपोर्ट सुरक्षा से जोड़ते हुए बड़ा कदम उठाया। सॉग नदी क्षेत्र से एयरपोर्ट मार्ग तक विशेष अभियान चलाकर सड़क पर कूड़ा फेंकने और सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई। अभियान में 18 लोगों से कुल ₹10,900 का जुर्माना वसूला गया।

पालिका के अनुसार एयरपोर्ट क्षेत्र में कूड़ा जमाव से पक्षियों की संख्या बढ़ती है, जिससे विमान संचालन को गंभीर खतरा उत्पन्न होता है। इसी कारण पूरे मार्ग को ‘अत्यधिक संवेदनशील ज़ोन’ घोषित कर निगरानी और सफाई व्यवस्था को और कठोर किया गया है।

मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने कहा कि अब स्वच्छता केवल सौंदर्य का विषय नहीं, बल्कि हवाई सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी है। “छोटी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है, इसलिए नियमों को लेकर कोई ढिलाई नहीं,” उन्होंने कहा।

पालिका के टी.एस. रविंद्र पंवार ने साफ किया कि एयरपोर्ट मार्ग को ‘जीरो टॉलरेंस ज़ोन’ बनाया जा रहा है। नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मार्ग पर अतिरिक्त सफाई कर्मी और रियल-टाइम निगरानी टीम भी तैनात की जा रही है।

पालिका ने स्थानीय लोगों, दुकानदारों और यात्रियों से अपील की है कि वे सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करें, कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालें और एयरपोर्ट की संवेदनशीलता को देखते हुए सहयोग करें। अभियान में पालिका टीम के संजय, प्रवीण समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button