Doiwala newsउत्तराखंडराजनीति

छुट्टी के दिन भी भाजपा सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना जारी रहा, पालिकाध्यक्ष अपनी हठधार्मिता पर अड़े, सभासदों ने दी सोमवार से भूख हड़ताल की चेतावनी।

नगर पालिका की अव्यवस्थाओं के विरोध में तीसरे दिन भी आंदोलन, वार्ड के लोगों और कांग्रेस सेवा दल ने दिया समर्थन।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका में व्याप्त अव्यवस्थाओं और लंबित जनसमस्याओं के विरोध में सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। छुट्टी के दिन भी सभासद धरना स्थल पर डटे रहे। सभासदों ने कहा कि यदि नगर पालिका की कार्यप्रणाली में शीघ्र सुधार नहीं किया गया तो वे सोमवार से भूख हड़ताल शुरू करेंगे।

धरने में निर्दलीय प्रत्याशी संदीप नेगी, भाजपा सभासद प्रदीप नेगी, अरुण सोलंकी, प्रियंका मनवाल, कल्पना राणा सहित व सभासद प्रतिनिधि शामिल रहे। सभासदों का कहना है कि नगर पालिका में पारदर्शिता का अभाव है और जनता से जुड़े कार्य लंबे समय से लंबित पड़े हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
धरना स्थल पर वार्ड के लोग भी पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया। लोगों ने कहा कि नगर पालिका से संबंधित छोटे-बड़े कार्यों के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।

इस दौरान कांग्रेस सेवा दल के जिला अध्यक्ष सुनील बर्मन ने धरना स्थल पर पहुंचकर समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका में जवाबदेही तय होनी चाहिए और जनता से जुड़े मुद्दों का समय पर समाधान होना जरूरी है। कांग्रेस सेवा दल जनहित के इस आंदोलन के साथ है।

भानियावाला निवासी गुड्डू मिश्रा ने कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाई जानी चाहिए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। सुखदेव चौहान ने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर संवाद से कई समस्याओं का समाधान संभव है। वहीं गणेश उनियाल ने कहा कि नगर पालिका की व्यवस्था में सुधार से जनता को सीधा लाभ मिलेगा।
धरने पर बैठे सभासदों ने दोहराया कि उनका उद्देश्य किसी से टकराव करना नहीं, बल्कि नगर पालिका की कार्यप्रणाली को दुरुस्त कर जनता को राहत दिलाना है। मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button