जंगल से सटे हाइवे पर फैले कचरे को हटाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।
हाइवे का कचरा बना जंगल के लिए खतरा, लच्छीवाला में चला स्वच्छता अभियान।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
हरिद्वार–देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे लच्छीवाला रेंज के वन क्षेत्र में सड़क किनारे फैल रहा कचरा जंगल और वन्यजीवों के लिए लगातार खतरा बनता जा रहा है। इसी को देखते हुए वन विभाग ने लच्छीवाला रेंज में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे और आरक्षित वन सीमा में फैले प्लास्टिक, बोतलें, खाने का कचरा और अन्य अपशिष्ट को हटाया गया। वन विभाग के अनुसार हाइवे से फेंका गया कचरा कई बार वन्यजीव भोजन समझकर खा लेते हैं, जिससे वे बीमार पड़ जाते हैं और उनका जीवन संकट में आ जाता है। साथ ही इससे जंगल का प्राकृतिक संतुलन भी प्रभावित हो रहा है।
लच्छीवाला वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति ने कहा कि जंगल की सुरक्षा केवल विभाग की नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यात्रा के दौरान कचरा जंगल या सड़क किनारे न फेंकें और प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग करें।
उन्होंने बताया कि इस तरह के अभियानों का उद्देश्य केवल सफाई नहीं, बल्कि लोगों को पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है। समय रहते जिम्मेदारी निभाई गई तो ही जंगल और वन्यजीव सुरक्षित रह सकेंगे।



