जगदगुरु शंकराचार्य के साथ दुर्व्यवहार के विरोध में कांग्रेस का मौन उपवास।
संत समाज के सम्मान और संवैधानिक मूल्यों की सुरक्षा को लेकर दिया एकजुटता का संदेश।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
धर्मनगरी प्रयागराज में जगद्गुरु शंकराचार्य श्री अविमुक्तेश्वरानंद के साथ हुए दुर्व्यवहार की घटना को लेकर कांग्रेसजनों में भारी रोष देखने को मिला। गुरुवार को महादेव मंदिर प्रांगण, नागल ज्वालापुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो घंटे का मौन उपवास रखकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम का आयोजन डोईवाला से पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी व डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी के संयोजन में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व क्षेत्रवासी शामिल हुए।
मौन उपवास के दौरान कांग्रेसजनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए सनातन संस्कृति, धार्मिक गरिमा और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प दोहराया।
डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि जगद्गुरु शंकराचार्य जैसे पूज्य संत के साथ दुर्व्यवहार केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि संपूर्ण सनातन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का अपमान है। कांग्रेस पार्टी ऐसी घटनाओं का पुरजोर विरोध करती है और समाज में सम्मान, सौहार्द और भाईचारे की भावना को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि संत समाज का अपमान किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं किया जा सकता। यह मौन उपवास हमारी आस्था, संस्कृति और सनातन मूल्यों की रक्षा का प्रतीक है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस घटना पर गंभीरता और संवेदनशीलता दिखाते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
पूर्व प्रधान उमेद बोरा ने कहा कि पार्टी धर्म, संस्कृति और संवैधानिक मर्यादाओं की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
इस अवसर पर रफल सिंह, वीरेंद्र थापा, जितेंद्र कुमार, सुनील दत्त, राजेन्द्र उपाध्याय, योगराज चंद्र बोरा, माधो सिंह, धर्मेन्द्र मुमगाई, धर्मेन्द्र बिष्ट, धन सिंह बोरा, अर्जुन लोधी, अंकित कुमार, विशाल कुमार, राहुल कुमार, आकाश कुमार, चंदर बोरा, राजपाल लोधी, युवराज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



