जनता का पैसा जनता के हित में लगेगा, गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं। पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी
वार्ड नंबर 10 में जवाबदेह विकास की मिसाल, सड़क निरीक्षण के बाद किया गया लोकार्पण ।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 में इंटरलॉकिंग सड़कों का लोकार्पण गुरुवार को नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी और सभासद ईश्वर रोथान ने संयुक्त रूप से रिबन काट कर किया। इससे पहले पूरे मार्ग का बारीकी से निरीक्षण किया। जिसमें निर्माण की गुणवत्ता, टाइल्स की मजबूती, लेवलिंग और फिनिशिंग की विशेष जांच की गई। सभी मानक संतोषजनक पाए जाने के बाद ही लोकार्पण की औपचारिकता पूरी की गई।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोपरि है। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि “जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा लगा है, इसलिए हर कार्य मानक अनुसार होना चाहिए। अगर कहीं भी गुणवत्ता में कमी मिली तो कार्रवाई निश्चित है।” उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र में विकास की गति बढ़ाई गई है और कई पुराने लंबित कार्य भी पूरा होने की ओर हैं।
करीब 40 लाख रुपये की लागत से बनी इन नई सड़कों के तैयार होने से वार्ड में वर्षों से विद्यमान कीचड़, जलभराव और गड्ढों की समस्या का समाधान हो गया है। बरसात में दुश्वारियों का सामना करने वाले क्षेत्रवासियों को अब एक समतल और सुरक्षित मार्ग मिलेगा।
सभासद ईश्वर रोथान ने कहा कि वार्ड-10 की जनता लंबे समय से पक्की सड़क की मांग कर रही थी। “अब सड़क तैयार होने से आवागमन सुगम हुआ है और क्षेत्र की सुंदरता भी निखर गई है। आने वाले समय में नालियों और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्थाएं भी तेजी से सुधारी जा रही हैं,” उन्होंने कहा।
सड़क निर्माण पूरा होने पर स्थानीय निवासियों ने संतोष जताया और कहा कि वार्ड में वास्तविक रूप से विकास की दिशा में सकारात्मक बदलाव दिख रहा है। लोगों ने नगर पालिका अध्यक्ष और सभासद का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा जताया कि यही विकास रफ्तार आगे भी बनी रहेगी।
कार्यक्रम में भगवती सेमवाल, राजेश रमोला, अशोक भंडारी, दीपक चौहान, संगीता नेगी, मीना सुयाल, रश्मि रोथान सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।



