Blog

जनप्रतिनिधियों की लापरवाही वर्षों बीतने के बाद नगर पालिका में शामिल इलाकों में भी लागू हैं ग्रामीण गाइडलाइन, उपभोक्ताओं में रोष।

ग्रामीण नियमों में उलझी शहरी रसोई, 25–45 दिन की गैस बुकिंग से बढ़ी परेशानी।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
घरेलू एलपीजी गैस बुकिंग व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शहरी क्षेत्रों में जहां 25 दिन के अंतराल पर गैस बुकिंग की सुविधा है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए यह सीमा 45 दिन तय है। आरोप है कि डोईवाला नगर पालिका सीमा में शामिल हो चुके कई इलाकों के उपभोक्ताओं पर भी ग्रामीण मानक थोपे जा रहे हैं, जिससे शहरी रसोई ग्रामीण नियमों में उलझ गई है।

डोईवाला क्षेत्र में वर्ष 2014 से संचालित इंदर भारत गैस ग्रामीण एलपीजी वितरक और अभिनव इंडियन गैस एजेंसी अथुरवाला का बड़ा कार्यक्षेत्र नगर पालिका सीमा में आ चुका है और अधिकांश उपभोक्ता अब शहरी क्षेत्र में निवास कर रहे हैं। इसके बावजूद 45 दिन वाली ग्रामीण बुकिंग व्यवस्था लागू रहने से उपभोक्ताओं को लंबे इंतजार का सामना करना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी की गैस आपूर्ति डोईवाला से लेकर ऋषिकेश तक की जाती है, जो सेवा क्षेत्र के शहरी स्वरूप को दर्शाती है। इसके बाद भी शहरी उपभोक्ताओं को ग्रामीण श्रेणी में रखना दोहरे मापदंड जैसा है। कई परिवारों को सिलेंडर खत्म होने के बाद भी कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे घरेलू व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
एजेंसी प्रबंधक राजेश पाल ने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा और समय पर गैस उपलब्ध कराना एजेंसी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहाँ कि एजेंसी पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ कार्य कर रही है तथा किसी भी उपभोक्ता के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा। राजेश पाल के अनुसार, वर्तमान में गैस बुकिंग की समय-सीमा तेल कंपनियों एवं केंद्र सरकार की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार लागू है, जिसका पालन अनिवार्य है। नगर पालिका क्षेत्र में शामिल उपभोक्ताओं की व्यावहारिक समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तथ्य और प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजे गए हैं। जैसे ही शहरी श्रेणी में शामिल करने संबंधी दिशा-निर्देश मिलेंगे, उन्हें तत्काल प्रभाव से लागू किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद डोईवाला से ऋषिकेश तक नियमित, सुरक्षित और सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है तथा वितरण व्यवस्था को और अधिक मजबूत व उपभोक्ता-हितैषी बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
उधर, उपभोक्ताओं ने मांग की है कि नगर पालिका क्षेत्र में आने वाले सभी गैस कनेक्शनों को शीघ्र शहरी श्रेणी में शामिल कर 25 दिन की बुकिंग व्यवस्था लागू की जाए, ताकि दोहरे मापदंड समाप्त हों और आम जनता को राहत मिल सके।

डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि प्रकरण उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को निर्देश दिए हैं कि नगर पालिका सीमा में आने वाले उपभोक्ताओं की सूची और वर्तमान गाइडलाइन का परीक्षण कर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि शहरी उपभोक्ताओं को अनावश्यक प्रतीक्षा से राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button