जनहित के मुद्दों पर धरने पर बैठे सभासदों की हुई जीत, धरना प्रदर्शन से समझौते तक, नगर पालिका अध्यक्ष ने बदला अपना रुख।
कार्मिक अनशनकारी के धरने पर पहुंचे पालिकाध्यक्ष 4 घंटे चली लंबी चली वार्ता के बाद सभासदों की मांगों पर बनी सहमति।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका परिषद डोईवाला में जनहित से जुड़ी मांगों को लेकर चार दिनों से चल रहा सभासदों का धरना और कार्मिक अनशन सोमवार को समाप्त हो गया। पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी द्वारा धरनारत सभासदों से चार घंटे चली लंबी वार्ता के बाद सात सूत्रीय मांगों पर सहमति बन गई। इसके बाद कार्मिक अनशन पर बैठे सभासद प्रदीप नेगी जेठली को जूस पिलाकर धरना समाप्त कराया गया।
दो 10-सीटर मोबाइल टॉयलेट खरीदे जाने के प्रस्ताव में संशोधन करते हुए केवल एक मोबाइल टॉयलेट खरीदे जाने पर सहमति बनी। वहीं हाईटेक शौचालय के प्रस्ताव को हटाकर नगर क्षेत्र में मौजूद सार्वजनिक शौचालयों की मरम्मत और व्यवस्था सुधारने का निर्णय लिया गया।
नगर क्षेत्र में सफाई कर्मचारियों की कमी को देखते हुए अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती पर सहमति बनी। इसके साथ ही पर्यावरण मित्रों, पथ प्रकाश व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों सहित अन्य कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा एवं हितलाभों से जुड़े प्रस्तावों को अगली बोर्ड बैठक में शामिल कर शासन को भेजे जाने पर चर्चा हुई।
रुके हुए विकास कार्यों को गति देने के लिए बोर्ड बैठक हर तीन माह में आयोजित करने पर सहमति बनी, जिससे वर्ष में कम से कम चार बैठकें सुनिश्चित हो सकें। इन बैठकों में सभासद अपने क्षेत्रों के विकास कार्यों से जुड़े प्रस्ताव रखेंगे और उन पर होने वाली कार्यवाही व प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी। बोर्ड बैठकों में लिए गए निर्णयों की अवहेलना न हो, इसके लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर भी सहमति बनी।
सभासद प्रदीप नेगी जेठली ने कहा कि नगर पालिका में लंबे समय से जनहित के कार्यों की अनदेखी हो रही थी, जिस कारण सभासदों को धरना और कार्मिक अनशन करना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय निर्णयों पर अमल नहीं हुआ तो आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा।
सभासद संदीप सिंह नेगी ने कहा कि यह आंदोलन जनता की आवाज था और किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि जनहित के लिए किया गया। उन्होंने कहा कि सभासदों की एकजुटता से ही नगर हित के मुद्दों पर सहमति संभव हो सकी है।
पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि सभासदों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दे नगर और जनता के हित से जुड़े हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि बोर्ड की सहमति से लिए गए निर्णयों पर समयबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी और विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
इस दौरान सभासद अरुण सोलंकी, राजेश भट्ट, ईश्वर सिंह रौथान, विनीत राजपूत, गौरव मल्होत्रा, अमित कुमार, विनीत राजपूत, राकेश डोभाल, सुरेंद्र लोधी, सभासद प्रतिनिधि हिमांशु राणा, विनीत मनवाल के अलावा अवतार सिंह सैनी, अनुज कुमार, अमित सैनी, प्रकाश कोठारी,कपिल कुमार आदि मौजूद रहे।



