Blog

जॉलीग्रांट एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में कदम।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत से प्रदेश को मिलेगी नई पहचान। त्रिवेंद्र रावत

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
जॉली ग्रांट स्थित देहरादून एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा बनाने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की हवाई अड्डा सलाहकार समिति की बैठक में एयरपोर्ट के समग्र विकास, भविष्य की जरूरतों और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने को लेकर व्यापक मंथन हुआ।
बैठक की अध्यक्षता हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन, व्यापार और निवेश की दृष्टि से तेजी से उभरता राज्य है और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत से प्रदेश को नई पहचान मिलेगी। सांसद टिहरी माला राज्य लक्ष्मी शाह सह-अध्यक्ष और डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला उपाध्यक्ष के रूप में बैठक में शामिल रहे।
बैठक में रनवे को 650 मीटर तक बढ़ाने की योजना, भूमि अधिग्रहण की स्थिति और तकनीकी प्रक्रियाओं की समीक्षा की गई। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए जरूरी सुरक्षा मानकों, डीजीसीए की औपचारिकताओं और आवश्यक आधारभूत संरचना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।
एयरपोर्ट तक पहुंचने वाले मार्गों को आकर्षक और सुगम बनाने, स्पष्ट दिशा-सूचक बोर्ड लगाने, पर्यटकों के लिए सूचना केंद्र स्थापित करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस की स्थायी व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही केब ड्रॉपिंग साइट पर सुव्यवस्थित विज्ञापन व्यवस्था से राजस्व बढ़ाने के सुझाव रखे गए।
समिति ने यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और अनुभव को प्राथमिकता देते हुए एयरपोर्ट के चरणबद्ध विकास पर सहमति जताई। जनहित से जुड़े सुझावों पर संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में पंकज कंडियाल, उमेश कुमार, के.एस. पंवार, शोभित गोयल, मनीष नेगी, विमलेश कुमार और ईश्वर राणा सहित समिति सदस्य उपस्थित रहे। डीजीसीए, नगर पालिका डोईवाला, एमडीडीए व अन्य विभागों के प्रतिनिधियों के साथ ही एएआई की ओर से नवीन चौहान, दीपक चमौली समेत अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button