Blog

पूर्व सैनिक सोसायटी दूधली व एसजीआरआर विश्वविद्यालय के छात्रों ने चलाया स्वच्छता अभियान।

प्लास्टिक मुक्त गांव का संदेश देते हुए ग्रामीणों को स्वच्छता व स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
पूर्व सैनिक सोसायटी दूधली द्वारा एसजीआरआर विश्वविद्यालय देहरादून के विद्यार्थियों के सहयोग से दूधली क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों, सड़कों व आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई तथा ग्रामवासियों को स्वच्छता बनाए रखने और प्लास्टिक के प्रयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

सोसायटी के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि यह हमारी दिनचर्या का हिस्सा बननी चाहिए। प्लास्टिक का अत्यधिक प्रयोग न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि मानव स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा है। यदि हम आज सचेत नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

सोसायटी महासचिव चंदर बोरा ने कहा कि पूर्व सैनिक हमेशा देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाते आए हैं। गांव को स्वच्छ, स्वस्थ और जागरूक बनाना भी राष्ट्रसेवा का ही एक रूप है। युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी से ऐसे अभियानों को नई ऊर्जा मिलती है।

अभियान के दौरान ग्रामीणों से अपील की गई कि वे सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करें, कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करें।

कार्यक्रम में सोसायटी के उपाध्यक्ष हरीश जोशी, युवराज, मुकेश कुमार, जे.एस. मेहता, मनीराम सहित अनेक पूर्व सैनिक, ग्रामवासी तथा एसजीआरआर विश्वविद्यालय के शिक्षक व विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने स्वच्छ व प्लास्टिक मुक्त गांव के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button