Blog

जौलीग्रांट में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की मौजूदगी में हुई बैठक, 2027 विधानसभा चुनाव और सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर कार्यक्रमों पर चर्चा।

डोईवाला में भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की अहम बैठक, संगठन और चुनावी रणनीति पर मंथन।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कोर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक जौलीग्रांट स्थित एक निजी होटल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री व भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की। इस दौरान संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय तथा आगामी चुनावी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि 14 सदस्यीय प्रदेश कोर कमेटी की यह बैठक नई कार्यसमिति के गठन के बाद पहली बैठक थी। इसमें राज्य सरकार के कामकाज, संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी चुनावी तैयारियों और विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
महेंद्र भट्ट ने बताया कि बैठक में पूर्व में आयोजित पार्टी कार्यक्रमों की समीक्षा की गई, साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं भविष्य के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसकी तैयारियों को लेकर भी बैठक में मंथन किया गया।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर अपने विचार रखे। इसके साथ ही मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी बैठक में चर्चा होने की बात सामने आई।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दावा किया कि भाजपा राज्य की सभी 70 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाकर पुनः सत्ता में आएगी।
बैठक के उपरांत केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होटल से रवाना हो गए। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री अजय कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद माला राज लक्ष्मी शाह, सांसद अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल तथा विधायक मदन कौशिक, जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button