ठंड, धुंध और धरना—अठूरवाला में 46 दिनों से जारी हक़ की लड़ाई।
एयरपोर्ट विस्तार से प्रभावित ग्रामीण बोले, न्याय मिला तो ही हटेगा आंदोलन।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
कड़ाके की ठंड, सुबह की धुंध और गिरते तापमान के बीच अठूरवाला में एयरपोर्ट विस्तारीकरण के विरोध में ग्रामीणों का धरना 46वें दिन भी जारी रहा। अलाव के सहारे, हाथों में बैनर और आंखों में अपने अधिकारों की उम्मीद लिए प्रभावित लोग रोजाना धरना स्थल पर पहुंच रहे हैं।
अठूरवाला संघर्ष समिति के अध्यक्ष मंजीत सजवान ने कहा कि एयरपोर्ट विस्तार के नाम पर सैकड़ों परिवारों की जिंदगी दांव पर लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि वर्षों से बसे लोग आज अपने भविष्य को लेकर असमंजस में हैं, लेकिन उनकी समस्याओं पर अब तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया। उन्होंने साफ कहा कि न्याय और उचित मुआवजा मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
संघर्ष समिति की सदस्य कमला सजवान ने कहा कि यह आंदोलन केवल जमीन या मुआवजे का नहीं, बल्कि सम्मान और भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि महिलाएं, बुजुर्ग और युवा कड़ाके की ठंड में भी लगातार धरने पर डटे हैं, जो इस संघर्ष की मजबूती को दर्शाता है।
धरना स्थल पर रोजाना क्षेत्र के लोग पहुंचकर समर्थन जता रहे हैं। संघर्ष समिति ने दोहराया कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और मांगें पूरी होने तक लगातार जारी रहेगा।
धरना स्थल पर सिरा देवी, सुशीला , रविंद्र, मकान सिंह, गोपाल, जगदीश, पुष्पा राणा, राम सिंह, बबीता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



