ठंड में राहत का बड़ा सहारा बनेगा नगर पालिका का रेन बसेरा। शाह
वार्ड 12 में 10 बेड का आधुनिक केंद्र—गर्म बिस्तर, हीटर व सुरक्षा व्यवस्था पूरी।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
बढ़ती ठंड के मद्देनज़र नगर पालिका द्वारा वार्ड नंबर 12 में शुरू किया गया आधुनिक रेन बसेरा जरूरतमंदों के लिए राहत का प्रमुख ठिकाना बन गया है। 10 बेड क्षमता वाले इस रेन बसेरे में गर्म बिस्तर, कंबल, हीटर, पेयजल और शौचालय सहित आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
अधिशासी अधिकारी एम.एल. शाह ने बताया कि सर्दी के असर को देखते हुए रेन बसेरे में पूरी तैयारी की गई है। हमारी टीम रात के समय भी सक्रिय रहती है, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड में खुले में रात बिताने को मजबूर न हो I
पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि रेन बसेरा जरूरतमंदों को सुरक्षित और सम्मानजनक आश्रय उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह पहल सामाजिक सरोकारों को मजबूत करती है।
मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने बताया कि रेन बसेरे की नियमित साफ-सफाई, सेनिटाइजेशन और निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सफाई सुपरवाइजर अजय चौहान अपनी टीम के साथ सभी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।
नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि ठंड में परेशान किसी भी व्यक्ति को रेन बसेरे तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि यह मानवीय पहल अधिक प्रभावी हो सके।



