डोईवाला के छात्र दिव्यांशु का राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए चयन।
जिला स्तरीय इंस्पायर अवार्ड प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन, ग्रामीण प्रतिभा ने बढ़ाया क्षेत्र का मान।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
शिक्षा विभाग के तत्वावधान में देहरादून स्थित श्री गुरु राम राय लक्ष्मण इंटर कॉलेज में आयोजित जिला स्तरीय इंस्पायर अवार्ड विज्ञान प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता (डीएलईपीसी) में डोईवाला विकासखंड के छात्र दिव्यांशु ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में जिले के राजकीय व निजी विद्यालयों के लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। जिनमें से 16 विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तर के लिए हुआ। डोईवाला विकासखंड से चयनित छात्रों में राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय माजरी ग्रांट के छात्र दिव्यांशु और कन्या जूनियर हाईस्कूल भानियावाला की छात्रा राधिका शामिल हैं।
दिव्यांशु के मार्गदर्शक शिक्षक एवं प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष नरेंद्र सागर ने बताया कि यह उपलब्धि न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे माजरी ग्रांट क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। ग्रामीण परिवेश से आने वाले विद्यार्थियों की यह सफलता यह दर्शाती है कि संसाधनों की सीमाओं के बावजूद ग्रामीण विद्यालयों में भी वैज्ञानिक नवाचार की अपार संभावनाएं हैं।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांशु को सम्मानित किया गया, जिससे अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।



