दूधली में घर–घर सुविधा पहुँचाने की पहल, सहायक उपकरण शिविर सम्पन्न।
ग्रामीणों को बिना दौड़–भाग के मिलेगी सुविधा, 172 लोगों ने कराया पंजीकरण।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
समाज कल्याण विभाग की ओर से रविवार को दूधली गांव में लगाया गया सहायक उपकरण शिविर ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत लेकर आया। गांव में ही शिविर लगने से दिव्यांगजन और बुजुर्ग बिना किसी अतिरिक्त यात्रा के पंजीकरण करा सके। कुल 172 लाभार्थियों ने विभिन्न उपकरणों के लिए आवेदन किया।
विभागीय अधिकारी सुनील रावत ने बताया कि सभी उपकरण अगले 15 दिनों के भीतर लाभार्थियों के घरों तक पहुँचाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों को सुविधा उनके दरवाज़े पर उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।
शिविर में आधार कार्ड और ग्राम प्रधान द्वारा जारी प्रमाण पत्र की अनिवार्यता के बावजूद सुबह से ही लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखी गई। ग्रामीणों ने गांव में ही सुविधा उपलब्ध होने पर संतोष जताया।
ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों से योजनाएँ सीधे लोगों तक पहुँचती हैं और ग्रामीण क्षेत्रों को विशेष लाभ मिलता है। पूर्व ग्राम प्रधान उमेद बोरा ने भी ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन की मांग की।
शिविर में सहयोग करने वालों में कुणाल, संजीव कुमार, अश्वनी दीक्षित, कपिल पूनिया, गौरव सिंह चौहान, बृजमोहन, अंजू, विजेंद्र थापा, रवि राणा सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।



