डोईवाला में आईटीआई खोलने की मांग तेज, युवाओं के भविष्य को मिलेगी नई दिशा, (ब्लॉक प्रमुख ने कैबिनेट मंत्री से मिलकर सौंपा ज्ञापन, स्थानीय स्तर पर तकनीकी प्रशिक्षण पर जोर)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के मंत्री सौरभ बहुगुणा से मुलाकात कर डोईवाला में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) खोलने को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि डोईवाला क्षेत्र की जनता और युवाओं की यह लंबे समय से प्रमुख मांग है, जिसे अब शीघ्र पूरा किया जाना चाहिए।
ब्लॉक प्रमुख ने मंत्री को अवगत कराया कि वर्ष 2018 के बाद आईटीआई का संचालन बंद होने से क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण के लिए दूर-दराज के संस्थानों में जाना पड़ रहा है। इससे उन्हें समय और आर्थिक बोझ उठाना पड़ता है, जबकि कई युवा प्रशिक्षण से वंचित भी रह जाते हैं।
उन्होंने बताया कि डोईवाला क्षेत्र में चीनी मिल सहित अनेक औद्योगिक और अर्द्ध-औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं, जहां प्रशिक्षित युवाओं की लगातार आवश्यकता बनी रहती है। यदि डोईवाला में आईटीआई की स्थापना होती है तो स्थानीय युवाओं को ऑन-जॉब ट्रेनिंग के साथ रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे और क्षेत्र के औद्योगिक विकास को भी मजबूती मिलेगी।
ब्लॉक प्रमुख ने डोईवाला को अन-सर्व्ड ब्लॉक मानते हुए यहां आईटीआई खोलने के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र शुरू करने की मांग की।
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि डोईवाला क्षेत्र की मांग पूरी तरह जायज है। विभाग स्तर पर प्रस्ताव का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि युवाओं को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके।



