डोईवाला में स्वच्छता को लेकर बड़ी पहल, 45 दिन में हर घर तक पहुंचेगी आईईसी टीम।
सर्कुलर भारत परियोजना के तहत स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 और सोर्स सेग्रीगेशन पर कार्यशाला, 31 मार्च तक जागरूकता अभियान।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका परिषद डोईवाला के सभागार में हिंदुस्तान यूनिलीवर द्वारा वित्त पोषित प्रोजेक्ट सर्कुलर भारत के अंतर्गत प्लान फाउंडेशन के सहयोग से स्वच्छता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में नगर पालिका क्षेत्र
में कार्यरत स्वच्छता वाहिनियों और क्षेत्रीय सुपरवाइजरों ने प्रतिभाग किया।
कार्यशाला के दौरान स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 तथा सोर्स सेग्रीगेशन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर आगामी 45 दिनों के लिए एक आईईसी टीम के गठन की योजना बनाई गई, जो 31 मार्च 2026 तक डोईवाला क्षेत्र के सभी घरों में जाकर कचरे के स्रोत पर पृथक्करण को बढ़ावा देने के लिए दस्तक देगी।
प्लान फाउंडेशन की ओर से स्वच्छता वाहिनियों के कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने और जागरूकता बढ़ाने के लिए आईईसी सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
पालिका अधिशासी अधिकारी एम. एल. शाह ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। आईईसी टीम के माध्यम से घर-घर जागरूकता से सोर्स सेग्रीगेशन को मजबूती मिलेगी।
प्लान फाउंडेशन के वैभव ने कहा कि स्वच्छता वाहिनियां इस अभियान की रीढ़ हैं। उन्हें आवश्यक सामग्री और प्रशिक्षण देकर अभियान को प्रभावी बनाया जाएगा।
कार्यशाला में मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन सिंह रावत, सिद्धार्थ सिंह सजवाण, सुरेंद्र, जगदीश, नीरज, अजय चौहान, संजय भंडारी, दीपिका, अर्चित, विकास, तान्या आदि मौजूद रहे।



