Blog

डोईवाला रोजगार मेले में युवाओं को मिले सुनहरे अवसर, 117 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन।

29 कंपनियों की सहभागिता, विधायक बृजभूषण गैरोला के और प्राचार्य डीपी भट्ट ने युवाओं का बढ़ाया हौसला।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के तत्वावधान में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून द्वारा शहीद दुर्गामल्ल महाविद्यालय डोईवाला परिसर में वृहद रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। मेले में फार्मास्युटिकल, जीवन बीमा, होटल प्रबंधन, विनिर्माण, बैंकिंग एवं परिवहन क्षेत्र की 29 कंपनियों ने भाग लिया।
रोजगार मेले में विभिन्न पदों के लिए कुल 700 रिक्तियों पर चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। इस दौरान 851 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 236 को शॉर्टलिस्ट किया गया और 117 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया। चयन प्रक्रिया लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के माध्यम से पूरी की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। युवाओं को अपनी योग्यता और कौशल के अनुसार अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में भी योग्यता आधारित चयन को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो सके।

महाविद्यालय प्राचार्य डीपी भट्ट ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को सही दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से छात्र-छात्राओं को उद्योग जगत की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों का दायित्व है कि वे विद्यार्थियों को केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि रोजगार योग्य कौशल भी प्रदान करें, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि सेवायोजन विभाग द्वारा रोजगार मेले के साथ-साथ रोजगार पंजीकरण और रोजगार सूचना पोर्टल के माध्यम से भी युवाओं को निरंतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उपनिदेशक सेवायोजन चन्द्रकला ने चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि साक्षात्कार के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों का निष्पक्ष चयन सुनिश्चित किया गया।

मेले में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिससे अभ्यर्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी मिल सकी।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष डोईवाला नरेंद्र सिंह नेगी, उप निदेशक सेवायोजन चंद्रकांता, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सोमन, अन्वेषक रजनीश कुमार, प्रधान सहायक नीलकंठ जोशी, सहायक प्रशासनिक अधिकारी अनंत, वरिष्ठ सहायक जगमोहन सिंह, सहायक इन्द्र सिंह चौहान, सतनाम सिंह रावत, प्रमोद कुमार तथा यंग प्रोफेशनल उज्ज्वल सिंह भंडारी, राखी पंचोला सहित विभाग के समस्त कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button