डोईवाला शुगर मिल ने जारी की सातवीं किस्त, गन्ना किसानों को ₹485.46 लाख का भुगतान।
पेराई सत्र 2025-26 में अब तक ₹3688.11 लाख का भुगतान, समयबद्ध भुगतान से किसानों में संतोष।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला शुगर कंपनी ने पेराई सत्र 2025-26 के अंतर्गत गन्ना किसानों को बड़ी राहत देते हुए गन्ना मूल्य भुगतान की सातवीं किस्त जारी कर दी है। मिल प्रबंधन द्वारा किसानों के खाते में ₹485.46 लाख की धनराशि भेजी गई, जिससे क्षेत्र के हजारों गन्ना किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई।
यह भुगतान 1 जनवरी 2026 से 7 जनवरी 2026 तक मिल में आपूर्ति किए गए गन्ने के सापेक्ष किया गया है। मिल प्रबंधन के अनुसार, इस किस्त के तहत डोईवाला सहकारी गन्ना विकास समिति को ₹235.36 लाख, देहरादून समिति को ₹183.56 लाख, ज्वालापुर समिति को ₹28.90 लाख, रुड़की समिति को ₹26.85 लाख, द्वि पांवटा वैली शुगर केन ग्रोवर्स सहकारी समिति को ₹4.06 लाख, द्वि शाकंभरी शुगर केन ग्रोवर्स सहकारी समिति पांवटा को ₹1.00 लाख तथा लक्सर समिति को ₹5.73 लाख का भुगतान किया गया है।
अधिशासी निदेशक डीपी सिंह ने बताया कि पेराई सत्र 2025-26 के प्रारंभ से अब तक डोईवाला शुगर मिल द्वारा कुल ₹3688.11 लाख का गन्ना मूल्य भुगतान किसानों को किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा, विश्वास और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए मिल प्रबंधन लगातार सकारात्मक कदम उठा रहा है, ताकि गन्ना किसानों को समयबद्ध भुगतान मिल सके।
समय पर भुगतान से किसानों को आगामी कृषि कार्यों में सहायता मिलेगी और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।



