Blog

त्योहारों पर बढ़ा यातायात दबाव, पुलिस प्रशासन की कार्यशैली रही सराहनीय।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
दीपावली के चलते नगर की मुख्य सड़कों पर शनिवार को सुबह से देर शाम तक यातायात का दबाव बना रहा। रेलवे रोड, मिल रोड, देहरादून रोड और ऋषिकेश रोड पर खरीददारी करने वालों की भीड़ के कारण वाहन धीमी गति से चलते रहे। बावजूद इसके पुलिस प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए व्यवस्था को संभाले रखा।

रेलवे रोड पर दोपहिया वाहनों की संख्या अधिक रही। वहीं मिल रोड पर बाजार और अन्य जगह अस्थाई स्टॉलों के कारण मार्ग संकरा हो गया। देहरादून रोड व ऋषिकेश रोड पर बाहरी क्षेत्रों से आने वाले वाहनों से ट्रैफिक का दबाव बढ़ा। शाम के समय इन मार्गों पर कई बार जाम जैसी स्थिति बनी।

भीड़ बढ़ने के बावजूद पुलिसकर्मी लगातार सक्रिय रहे। मुख्य चौराहों पर अतिरिक्त पुलिसबल लगाया गया। जगह-जगह बैरिकेडिंग कर वाहनों को नियंत्रित तरीके से आगे बढ़ाया गया। पुलिस कर्मियों ने पैदल गश्त करते हुए व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।

पुलिस प्रशासन की समय रहते की गई तैनाती और समन्वय से यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रही। लोगों ने भी पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा की। त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ बनी रहने के बावजूद यातायात सुचारू रूप से संचालित होता रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button