त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल
डोईवाला 29 जुलाई (राजेंद्र वर्मा):
परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने जिला निर्वाचन अधिकारी से त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। इस मुद्दे को लेकर परवादून जिला कांग्रेस द्वारा डोईवाला उपजिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी के नाम तहसील कार्यालय डोईवाला को ज्ञापन सौंपा गया।
मोहित उनियाल ने कहा कि 28 जुलाई को हुए मतदान के बाद अब 31 जुलाई को मतगणना प्रस्तावित है, ऐसे में निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए अवशेष मतपत्रों का संपूर्ण विवरण सभी राजनीतिक दलों के समक्ष प्रस्तुत किया जाना आवश्यक है। उनियाल ने कहा कि निर्वाचन आयोग प्रत्येक चुनाव में मतदाताओं की संख्या से अधिक मतपत्र छपवाता है। इनमें से जो मतपत्र पोलिंग पार्टियों को नहीं दिए गए और वर्तमान में ब्लॉक स्तर के रिटर्निंग ऑफिसरों व जिला निर्वाचन अधिकारियों के पास शेष बचे हैं, उन्हें मतगणना से पूर्व सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में डबल लॉक में बंद किया जाए। साथ ही, एक अधिकृत विवरणी सभी दलों को सौंपी जाए जिसमें यह स्पष्ट हो कि कुल कितने मतपत्र छपे, कितने वितरित किए गए और कितने बचे हैं। उन्होंने यह भी मांग की कि जिस प्रिंटिंग प्रेस में पंचायत चुनाव के मतपत्र छपे, उसकी निगरानी मतगणना पूर्ण होने तक कड़ी सुरक्षा के बीच सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी प्रकार की शंका या अनियमितता की गुंजाइश न रहे। उनियाल ने कहा कि इस तरह की पारदर्शिता ही जनविश्वास को बनाए रखती है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मूल आत्मा को सशक्त करती है।
इस दौरान परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल,जिला महासचिव राहुल सैनी,मुकेश प्रसाद,आरिफ अली,अमन बिष्ट,शाहरुख आदि उपस्थित रहे।



