देवभूमि को विकास की ऐतिहासिक सौगात, 14 अप्रैल को मोदी देंगे देहरादून–दिल्ली एक्सप्रेसवे, (हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत बोले— एक्सप्रेसवे बनेगा उत्तराखंड की तरक्की, निवेश और पर्यटन का मजबूत आधार)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 14 अप्रैल को देवभूमि उत्तराखंड आगमन को लेकर प्रदेशभर में उत्साह का माहौल है। इस दौरान प्रधानमंत्री देहरादून–दिल्ली एक्सप्रेसवे को जनता को समर्पित करेंगे। इस परियोजना को राज्य के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
हरिद्वार सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यह दिन उत्तराखंड के विकास इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे के शुरू होने से देहरादून और दिल्ली के बीच यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी, जिससे आमजन, व्यापारियों और पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा।
सांसद रावत ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण सड़क सुविधा उपलब्ध कराएगा, ईंधन की बचत करेगा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा देगा। साथ ही इससे राज्य में निवेश, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देवभूमि आगमन का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है और यह परियोजना राज्य के समग्र विकास का मजबूत आधार बनेगी।



