Blog

धनतेरस पर बाजार में रौनक, ग्राहकों की उमड़ी भीड़ आभूषण और बर्तन की दुकानों पर दिनभर जमकर हुई खरीदारी

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
धनतेरस पर्व से एक दिन पहले से ही बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ने लगी। सुबह से लेकर देर रात तक आभूषण, बर्तन और उपहार की दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सोना-चांदी, पीतल, स्टील और तांबे के बर्तनों की बिक्री में पिछले साल की तुलना में इस बार अधिक बढ़ोतरी देखने को मिली।

ऋषिकेश रोड आभूषण विक्रेता वैभव महावर ने बताया कि धनतेरस पर सोने-चांदी के आभूषण खरीदना शुभ माना जाता है। इसी कारण सुबह से ही शो रूम में ग्राहकों की भीड़ लगी रही। उन्होंने कहा कि लोग हल्के वजन के मॉडर्न डिजाइन और चांदी के सिक्के अधिक पसंद कर रहे हैं।
मिल रोड के आभूषण विक्रेता दामन बाली ने कहा कि महंगाई के बावजूद लोगों में खरीदारी का उत्साह कम नहीं हुआ है। त्योहारी सीजन में बुकिंग पहले से शुरू हो गई थी और धनतेरस के दिन बिक्री में रिकॉर्ड बढ़ोतरी देखने को मिली।

मिल रोड बर्तन व्यापारी नितिन सिंघल ने बताया कि तांबे, स्टील और पीतल के बर्तनों की विशेष मांग रही। पूजा के लिए थाली सेट, लोटा और कलश की खूब बिक्री हुई। उन्होंने कहा कि धनतेरस के अवसर पर नए बर्तन को घर की समृद्धि का प्रतीक माना जाता है, इसलिए ग्राहक बिना भाव-ताव सीधे खरीदारी कर रहे हैं।

धनतेरस ने बाजार को नई ऊर्जा दी है। हर तरफ रोशनी, रंग और रौनक ने त्योहार की खुशियों को और बढ़ा दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button