धराली- इंसिडेंट कमांडर अरुण मोहन जोशी ने खोज एवं बचाव कार्यों के लिए घटनास्थल पर बनाई रणनीतिक कार्ययोजना।
डोईवाला देहरादून 10 अगस्त (राजेंद्र वर्मा):
उत्तरकाशी के धराली एवं हर्षिल क्षेत्र में 5 अगस्त को अतिवृष्टि/बादल फटने से भारी मलबा आने के कारण अनेक भवन ध्वस्त हो गए तथा कई लोग लापता हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड शासन द्वारा पुलिस महानिरीक्षक एस डी आर एफ अरुण मोहन जोशी को इंसिडेंट कमांडर एवं कमांडेंट एस डी आर एफ अर्पण यदुवंशी को डिप्टी इंसिडेंट कमांडर नियुक्त किया गया।
इसके अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक एस डी आर एफ के निर्देशन में एस डी आर एफ आपदा प्रभावित लोगों के लिए कम्युनिटी किचेन भी संचालित कर रही है। स्थानीय प्रशासन के सहयोग से धराली एवं हर्षिल क्षेत्र में स्थापित इन रसोइयों के माध्यम से 7 अगस्त 2025 से आज तक 1615 से अधिक लोगों को ताज़ा भोजन उपलब्ध कराया जा चुका है। प्रतिदिन निर्धारित समय पर टीम द्वारा नाश्ता, दोपहर एवं रात्रि का भोजन प्रभावित परिवारों को वितरित किया जा रहा है।भोजन वितरण की प्रक्रिया में एस डी आर एफ के जवान स्वयं सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं— भोजन पकाने, पैकिंग, वितरण और सामग्री प्रबंधन के कार्यों में। साथ ही, स्वच्छता एवं साफ-सफाई के मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या न उत्पन्न हो।
अब तक इस कम्युनिटी किचेन के माध्यम से 1615 से अधिक लोगों को प्रतिदिन गर्म और ताज़ा भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे न केवल उनकी तत्काल जरूरतें पूरी हो रही हैं, बल्कि इस कठिन समय में उनका मनोबल भी मज़बूत हो रहा है। एस डी आर एफ का यह प्रयास धराली में राहत एवं पुनर्वास कार्यों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।
आपदा प्रभावित स्थानीय लोगों एवं यात्रियों द्वारा इस मानवीय पहल के लिए शासन, प्रशासन एवं एस डी आर एफ का हार्दिक आभार व्यक्त किया जा रहा है, साथ ही टीम के समर्पण और तत्परता की सराहना की जा रही है।
मेडिकल कैंप एवं स्वास्थ्य सहायता।
एस डी आर एफ के सहयोग से आपदा प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल कैंप भी संचालित किए जा रहे हैं। इन कैंपों में चिकित्सकों की टीम द्वारा घायलों, बीमार एवं वृद्धजनों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। साथ ही, आवश्यक जीवन रक्षक दवाइयाँ और स्वास्थ्य सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आपदा पीड़ितों को त्वरित चिकित्सा सहायता मिल सके।



